प्रयागराज। शहर से सटे फाफामऊ थाना क्षेत्र के मोहनगंज फऊलवरिया गोहरी गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मारे गए लोगों में पति-पत्नी, उनकी बेटी और एक बेटा है। घटना के पीछे गांव के ही कुछ लोगों से पुरानी रंजिश बनाई जाती है। मौके पर खोजी कुत्ता भी लाया गया।चार लोगों के कत्ल की खबर मिली तो पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर छानबीन शुरू की गई। मौके पर एसपी गंगापार के साथ एसएसपी पहुंचे और परिवार के लोगों से बात की। भाई कृष्ण चंद्र ने कहा कि गांव के दबंग ठाकुर परिवार ने जीना हराम कर रखा था। उस पर ही शक है। पुलिस का कहना है कि मोहनगंज फुलवरिया गोहरी गांव निवासी फूलचंद (50) मजदूरी करता था। बीती रात वह घर में पत्नी मीनू देवी (45), 17 साल की बेटी सपना (17) और 10 साल के बेटे शिव के साथ सो रहा था। देर रात घर में घुसे हमलावरों ने चारों पर धारदार हथियार से हमला किया। सुबह कत्ल की जानकारी पड़ोसियों को मिली तो भीड़ लगी और फिर पुलिस वहां पहुंची। पति-पत्नी और दोनों बच्चे चारपाई पर सोए थे। उनके रक्तरंजित शव बिस्तर पर ही मिले। पुलिस को गांव वालों के गुस्से का भी सामना करना पड़ा। पुलिस आसपास के लोगों से बात कर रही है कि क्या रात में किसी ने कोई आवाज सुनी या कुछ भनक लगी।