चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह चुनाव भी बेहद खास माना जा रहा है। चंडीगढ़ नगर निगम के कुल 35 वार्डों में 24 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। इन वार्डों में कुल 203 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
अब तक आम आदमी पार्टी सबसे आगे है। वह 6 वार्डों में जीत दर्ज कर चुकी है। बीजेपी दूसरे नंबर पर जबकि कांग्रेस तीसरे पर है। अब तक के रुझानों को देखा जाए तो आम आदमी पार्टी आगे है। कुल 15 रुझानों में से आप को सात सीटों पर आगे दिखाया गया है। कुछ सीटों के नतीजे आ भी चुके हैं। वार्ड नंबर-2 से भाजपा के महेशइंद्र सिंह सिद्धू जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार हरमोहिंदर सिंह लक्की को मात्र 11 वोटों से हराया। वार्ड-5 से कांग्रेस की उम्मीदवार दर्शना जीतीं। उन्होंने भाजपा की नीतिका गुप्ता को 2737 मतों से हराया। भारतीय जनता पार्टी को आम आदमी पार्टी ने बड़ा झटका दिया है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार ने चंडीगढ़ के बीजेपी पार्टी के मेयर को हराया। वार्ड-17 से 828 वोटों से आम आदमी पार्टी के दमनप्रीत ने मेयर रविकांत को हरा दिया है।