चित्रकूट। पत्रकार समाज कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष अनिल देवरवा जनपद के निराश्रित गोवंशो के लिए गांव-गांव जाकर लोगो से भूसा दान करने के लिए प्रेरित करेंगे। पत्रकार समाज कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष अनिल देवरवा ने कहा कि गो माता में 36000 देवी देवताओं का वास होता है। गो सेवा करने वाले को मनोवांछित फलों की प्राप्ति होती है। इतना ही नहीं गो सेवा गो सेवकों को आत्मनिर्भर बनाती है। इसमें व्यक्ति को रोजगार के अवसर मिलते हैं। गो सेवा का आत्मीय और आध्यात्मिक दोनों लाभ मिलता है। मौजूदा सरकार ने गो सेवा के लिए वैसे तो कई योजनाएं चलाई हैं, लेकिन उन योजनाओं का सार्थक परिणाम समाज में नहीं दिख रहा है। गोमाता सड़क पर मारी मारी फिर रही हैं। इतना ही नहीं किसानों की फसलों को अन्ना गोवंश पूरी तरह चट किए जा रहे हैं। किसान बदहाली का जीवन गुजारने के लिए विवश हो गया है। सरकार तमाम व्यवस्थाओं के बावजूद भी अन्ना गोवंश पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है। अन्ना गोवंश की वजह से किसान त्राहि-त्राहि कर रहा है। फसल उत्पादन में किसान को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसमें स्वैच्छिक गो सेवक हों और इसमें प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी भी अपना सहयोग प्रदान करें। कोई भी सरकारी योजना कोई भी सरकारी प्रयास तभी सफल होगा जब जन भागीदारी सुनिश्चित होगी, इसलिए हम सभी लोग गांव गांव जाकर लोगों से मिलेंगे और अधिक से अधिक भूसा दान करने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे।