प्रयागराज। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में एक किशोरी का शव कुएं में मिला। मानिकपुर थाना क्षेत्र निवासी किशोरी चार दिन पहले संदिग्ध हालात में अपने घर से गायब हो गई थी। सोमवार की सुबह शव ग्रामीणों ने कुएं में देखा तो पुलिस को सूचना दी। सीओ कुंडा, मानिकपुर एसओ समेत भारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। हालांकि अभी इस संबंध में तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस मामले में जांच-पड़ताल कर रही है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के मऊदारा गांव निवासी सुरेश यादव की बेटी सोनी यादव 17 चार मार्च को संदिग्ध हालात में गायब हो गई थी, परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कहीं पता नहीं चल रहा था। उन्होंने पुलिस को किशोरी के गायब होने की तहरीर भी नहीं दी थी।सोमवार की सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों ने सुरेश के घर से करीब 500 मीटर दूर मऊरादा कुशाहिलडीह बार्डर के पास कुएं में शव उतराता देखा। इसपर वहां लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर सीओ कुंडा अजीत सिंह, मानिकपुर के एसओ मनीष पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकला।
शव किशोरी का था। ग्रामीणों ने उसकी पहचान सोनी यादव के रूप में की। इस संबंध में मानिकपुर थाने के एसओ मनीष पांडे का कहना है कि शव को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस जांच कर रही है। उधर लोगों में हत्या की भी आशंका जताई जा रही है।