-महानगर उत्तर और दक्षिण सहित भाजपा कार्यालयों में हुए कार्यक्रम, निकाली शोभा यात्रा,
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी का 42वां स्थापना दिवस बुधवार को जोरशोर से मनाया गया। भाजपा दक्षिण और उत्तर के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान कई आयोजन किए। सुबह झंडारोहण हुआ, उसके बाद शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। पूरा शहर आज भाजपामय दिखाई दिया। पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं में गजब का जोश था। जोश से भरे पार्टी कार्यकर्ता ‘भाजपा जिंदाबाद, मोदी-योगी जिंदाबाद, जय श्रीराम -जय श्रीराम’ के नारे लगा रहे थे। सभी मंडलों के कार्यालयों में भाजपा का झंडा फहराने के बाद आसपास के क्षेत्रों में शोभा यात्रा निकाली।
दक्षिण व उत्तर कार्यालय में हुआ कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष, एमएलसी व जिला प्रभारी विजय बहादुर पाठक, जिलाध्यक्ष डॉ. वीना आर्या पटेल ने भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भाजपा का झंडा फहराया। झंडारोहण के बाद जिलाध्यक्ष डॉ. आर्या ने कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में शोभा यात्रा निकाली। इसी तरह भाजपा के उत्तर कार्यालय में भी कार्यक्रम हुआ जहां सुनील बजाज सहित अन्य रहे। महापौर प्रमिला पांडे ने भी ध्वजारोहण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
एलईडी स्क्रीन पर सुना पीएम मोदी का भाषण
राजधानी दिल्ली से सुबह 10:00 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान भाजपा के शहर स्थित सभी कार्यालयों में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर पीएम मोदी का भाषण सुना गया।
सभी मंडलों में हुए कार्यक्रम
भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय, उत्तर जिला, भाजपा के नौबस्ता स्थित क्षेत्रीय कार्यालय, ग्रामीण कार्यालय में भी स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कल्याणपुर मंडल अध्यक्ष राजेश तिवारी की अध्यक्षता में धूमधाम से आवास विकास-3 के अनीता भवन में भी कार्यक्रम हुआ। इस दौरान सांसद देवेंद्र सिंह भोले के मीडिया प्रभारी अशोक सिंह दद्दा सहित अन्य भी मौजूद रहे।
माइक्रो डोनेशन अभियान की शुरुआत
इसी के साथ भाजपा ने आज से माइक्रो डोनेशन अभियान की शुरुआत भी कर दी। इसमें कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम जनता से पांच रुपए से लेकर एक हजार रुपए तक दान लिया जाएगा। किसी से भी एक हजार रुपए से ज्यादा नहीं लिए जाएंगे। यह अभियान 30 अप्रैल तक चलेगा। इस अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं से नमो एप से माइक्रो डोनेशन के लिए लोगों को जोडऩे का आग्रह किया गया है।
जगह-जगह मिष्ठान वितरण
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर भर में जगह-जगह कैंप लगाकर मिष्ठान, शर्बत व पानी का वितरण कर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई दी और पार्टी की नीतियों पर चलने का संकल्प भी लिया।