– एक दिन में 23,000 से ज्यादा नए मामले, अस्पतालों में मर रहे बुजुर्ग
बीजिंग। चीन में शुक्रवार को 3,400 से अधिक लोग जांच में कोविड-19 से संक्रमित पाए गए जबकि बिना लक्षण वाले कोविड मरीजों की संख्या 20,700 दर्ज की गई। चीन के शंघाई शहर में सबसे अधिक मामले पाए गए हैं जहां लंबे समय से लॉकडाउन है। शंघाई में प्रतिदिन मिलने वाले नये मरीजों की संख्या लगातार सबसे अधिक है। शंघाई में इलाज के इंतजार में एक बुजुर्ग महिला की मौत को लेकर लोगों में नाराजगी के मद्देनजर अस्पतालों को आदेश दिया गया है कि वे गैर कोविड मरीजों के इलाज में देरी नहीं करें।
राष्ट्रीय स्वस्थ्य आयोग (एनएचसी) के अुनसार चीन के मुख्य भूभाग पर बृहस्पतिवार को स्थानीय संक्रमण के कारण कोविड-19 से संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या 3472 दर्ज की गई जबकि बगैर लक्षण वाले कोविड मरीजों की संख्या 20,782 दर्ज की गई। इस दौरान चीन के वाणिज्यिक केंद्र शंघाई में स्थानीय संक्रमण के कारण कोविड-19 से संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या 3,200 दर्ज की गई जबकि बगैर लक्षण वाले कोविड मरीजों की संख्या 19 872 दर्ज की गई। शहर में पहले ही कोरोना वायरस संक्रमण की जांच के लिए कई दौर के परीक्षण किए जा चुके हैं।
मौत छिपा रही सरकार! शंघाई के एक अस्पताल में शुक्रवार को दर्जनों बुजुर्ग मरीजों की कोविड-19 से मौत हो गई लेकिन आधिकारिक सरकारी आंकड़ों का दावा है कि 2020 के बाद से शहर में इस बीमारी से कोई मौत नहीं हुई है।
लाखों के पास खाना नहीं शंघाई में स्थिति इतनी खराब होने लगी है कि आधिकारिक चीनी मीडिया ने भी जनता के असंतोष को उजागर करना शुरू कर दिया है। सरकारी ग्लोबल टाइम्स में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, शंघाई शहर कोरोना वायरस संक्रमण के ओमीक्रोन स्वरूप के खिलाफ अपने सबसे कठिन समय से गुजर रहा है। गौरतलब है कि महामारी से शंघाई में सबसे अधिक बुजुर्ग आबादी प्रभावित है। शंघाई चीन के उन शहरों में से एक हैं जहां बुजुर्गों की आबादी सबसे ज्यादा है। अनिश्चितकालीन लॉकडाउन के दौरान इस समूह पर ज्यादा प्रभाव इसलिए भी आया क्योंकि अधिकतर लोग उम्र संबंधी पुरानी बीमारियों से भी ग्रसित हैं। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने गुरुवार को अपने हैनान प्रांत के दौरे में कहा, ‘ यह देखते हुए कि वैश्विक कोविड-19 महामारी की स्थिति अभी भी गंभीर है, हमें अपनी प्रतिक्रिया में कभी भी ढील नहीं देनी चाहिए। जीत दृढ़ता से आती है।
दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती संक्रमित मरीजों में 27 फीसदी बच्चे